summer express, नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के बीच ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। इस दौरान देशभर के सहकारी बैंक खुले रहेंगे और उनकी बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के खाताधारकों और छोटे कारोबारियों को राहत मिलेगी।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इसके चलते सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की संभावना है।
वहीं, सहकारी बैंकिंग क्षेत्र की प्रमुख संस्थाओं ने स्पष्ट किया है कि सहकारी बैंक इस हड़ताल में शामिल नहीं होंगे। NAFCUB, NUCFDC और NAFSCoB से जुड़े सहकारी बैंकों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज जारी रहेगा।
हड़ताल से अलग रहने वाले बैंकों में राज्य सहकारी बैंक (STCB), जिला केंद्रीय सहकारी बैंक (DCCB) और प्राथमिक कृषि साख समितियां (PACS) शामिल हैं। इन संस्थानों के माध्यम से ग्राहकों को नकदी जमा करने, निकासी, ग्रामीण बैंकिंग लेन-देन और चेक क्लीयरेंस जैसी जरूरी सुविधाएं मिलती रहेंगी।
सहकारी बैंकिंग नेटवर्क का देशभर में व्यापक विस्तार है। इसमें करीब 1,450 शहरी सहकारी बैंक, 34 राज्य सहकारी बैंक और 351 जिला केंद्रीय सहकारी बैंक शामिल हैं। ये बैंक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में किसानों, ग्रामीण परिवारों, छोटे कारोबारियों और उद्यमियों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की तीन दिन की हड़ताल के दौरान सहकारी बैंकों के खुले रहने से ग्राहकों को रोजमर्रा के बैंकिंग लेन-देन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।