summer express ,गुरुग्राम। सेक्टर-53 स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर छात्रों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। सुबह सफेद रंग की थार से एक छात्र को टक्कर लगने के बाद कार सवार कुछ छात्रों ने सड़क पर ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। करीब डेढ़ मिनट तक चले घटनाक्रम की तस्वीरें विश्वविद्यालय के गेट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। पीड़ित छात्र की शिकायत पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने रपट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। पीड़ित छात्र विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान विषय की पढ़ाई कर रहा है। वह मुख्य द्वार से बाहर निकल रहा था, तभी सफेद रंग की थार वहां पहुंची और उसे टक्कर लग गई। टक्कर के बाद छात्र सड़क पर गिर गया।
आरोप है कि इसके बाद थार में सवार कुछ छात्र नीचे उतरे और छात्र के साथ लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। मारपीट में छात्र को चोटें आईं। सीसीटीवी फुटेज में थार के विश्वविद्यालय गेट के पास पहुंचने, छात्र को टक्कर लगने और इसके बाद उसके साथ मारपीट का घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-53 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के छह छात्रों को थाने बुलाया। उनके स्वजन की मौजूदगी में छात्रों को सख्त चेतावनी देने के बाद फिलहाल छोड़ दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
वहीं, सेक्टर-53 थाना प्रभारी ने विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र भेजकर घटना में शामिल छात्रों के खिलाफ विश्वविद्यालय स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।