Summer express/अंबाला-: अंबाला छावनी के महेश नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित अजीत नगर में गली निर्माण को लेकर हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर झड़प हुई थी, जिसमें राजेश कुमार समेत कई लोग घायल हुए थे। घायलों को उपचार के लिए अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह और दूसरे पक्ष के राजेश कुमार के घर पर नोटिस चस्पा किए हैं। पुलिस जब ओंकार सिंह के घर पहुंची तो वह मौके पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने उनके घर के बाहर थाने में पेश होने संबंधी नोटिस लगा दिया। इसके बाद पुलिस टीम राजेश कुमार के अजीत नगर स्थित घर भी पहुंची, लेकिन वह भी घर पर नहीं मिले। पुलिस ने वहां भी नोटिस चस्पा किया।महेश नगर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, राजेश कुमार के घर पर एक बार और ओंकार सिंह के घर पर दूसरी बार नोटिस चस्पा किया गया है।
वहीं, पुलिस ने बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से नागरिक अस्पताल में मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) जरूर करवाई गई है, लेकिन अभी तक उनकी ओर से थाने में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।इससे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया था। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़ी अधूरी वायरल वीडियो जांच को प्रभावित कर रही है। अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।