Summer express/शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. धनीराम शांडिल 86 वर्ष की उम्र में भी सक्रिय राजनीति में बने रहने के संकेत दे रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के अवसर पर शिमला में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे शांडिल ने वृद्धजनों को शुभकामनाएं दीं और अपनी ऊर्जा को लेकर भी बात की।कार्यक्रम के दौरान जब उनसे राजनीति से संन्यास लेने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की। शांडिल ने कहा कि वह हर तरह के काम के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सोलन विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव में उनके खुद मैदान में उतरने या बेटे को चुनाव लड़ाने के सवाल पर शांडिल ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का आलाकमान करेगा। इससे यह स्पष्ट है कि फिलहाल उन्होंने चुनावी राजनीति से अपने अगले कदम को लेकर कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।डॉ. धनीराम शांडिल सोलन विधानसभा सीट से लगातार सक्रिय रहे हैं। विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने दामाद राजेश कश्यप को हराकर जीत दर्ज की थी। विधानसभा में पहुंचने से पहले शांडिल लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। अब उनके अगले राजनीतिक कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।