summer express ,संगरूर। रोजगार की मांग को लेकर बेरोजगार सांझा मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ों बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की संगरूर कोठी के बाहर प्रदर्शन किया। बेरोजगार वेरका मिल्क प्लांट से रोष मार्च निकालते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड और वाटर कैनन तैनात किए थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार धक्कामुक्की हुई। धक्कामुक्की के दौरान एक बेरोजगार युवक बेहोश हो गया, जिसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक करवाने की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देने के बावजूद जब प्रशासन की ओर से बैठक का समय तय नहीं किया गया तो फाजिल्का निवासी मुनीश कुमार मुख्यमंत्री आवास से करीब दो किलोमीटर दूर गांव खुराणा स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पानी की टंकी के पास ही धरना शुरू कर दिया।
बेरोजगार सांझा मोर्चा के नेताओं सुखविंदर सिंह ढिल्लवां, रमन कुमार मलोट, अमन सेखा, हरजिंदर झुनीर, लखवीर सिंह भरी और गुरप्यार सिंह ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक करवाने की मांग रखी। उनका कहना था कि शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में नई भर्तियां शुरू करने, आयु सीमा में छूट देने और 55 प्रतिशत की शर्त को खत्म करने से संबंधित फैसले मुख्यमंत्री के स्तर पर लिए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री के साथ तत्काल बैठक नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने दोबारा आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी कई बार धक्कामुक्की हुई। पुलिस और सिविल प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और बातचीत के जरिए मामला शांत कराने की कोशिश की।
प्रशासन की ओर से बेरोजगारों को आश्वासन दिया गया कि 6 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के साथ शिक्षा सचिव, कार्मिक सचिव और स्वास्थ्य सचिव की मौजूदगी में बैठक करवाई जाएगी। इस आश्वासन के बाद देर शाम मुनीश कुमार को पानी की टंकी से सुरक्षित नीचे उतारा गया।
इसके बाद बेरोजगारों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लाइब्रेरियन यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राज सिंह सहित ललिता पटियाला, अमनदीप कौर, गगनदीप कौर, संदीप मोफर, रिंकू सिंह, भूपिंदर सिंह, गुरशरण कौर, सिमनदीप कौर, परमिंदर सिंह भवानीगढ़, लखबीर सिंह, सुखपाल खान, लखबीर खुड्डी कलां और रमणदीप सिंह श्री आनंदपुर साहिब समेत अन्य लोग मौजूद रहे।