Summer express/हमीरपुर, अरविंद–: समीरपुर में जल शक्ति विभाग के सब-डिवीजन कार्यालय को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया है। कांग्रेस प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट शगुन दत्त शर्मा ने भाजपा जिला अध्यक्ष से सवाल किया कि समीरपुर में जल शक्ति विभाग का सब-डिवीजन कार्यालय आखिर कब खोला गया था और इसकी सरकारी अधिसूचना कब जारी हुई थी। उन्होंने कहा कि यदि कार्यालय खोलने की कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी हुई है तो भाजपा इसे सार्वजनिक करे।
शगुन दत्त शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा जिला अध्यक्ष को किसी भी मुद्दे पर बयान देने से पहले तथ्यों की जानकारी लेनी चाहिए।उन्होंने कहा कि एक दिन पहले भाजपा जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस सरकार ने समीरपुर से जल शक्ति विभाग के सब-डिवीजन कार्यालय को शिफ्ट कर दिया है शर्मा ने कहा कि जब समीरपुर में ऐसा कोई कार्यालय आधिकारिक तौर पर खोला ही नहीं गया था तो उसे बंद या शिफ्ट करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने भाजपा से इस संबंध में दस्तावेज और सरकारी अधिसूचना जनता के सामने रखने की मांग की।कांग्रेस नेता ने स्थानीय सांसद के विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समीरपुर और आसपास के क्षेत्र में सांसद स्तर का कौन सा बड़ा काम करवाया गया है, इसकी जानकारी सांसद को जनता के सामने देनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि समीरपुर स्कूल को वर्तमान कांग्रेस सरकार ने सीनियर सेकेंडरी का दर्जा दिया है और भवन निर्माण के लिए छह करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
शर्मा ने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में अलग-अलग गुटों के बीच प्रचार पाने की होड़ मची हुई है। उन्होंने कहा कि भोरंज क्षेत्र में विधायक सुरेश कुमार के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली संपर्क सड़कों सहित विभिन्न विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया।प्रधानमंत्री के प्रशासनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के भाजपा के कार्यक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठे हैं और देश में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को जश्न मनाने के बजाय जनता के सामने इन मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।