Summer express, शिमला, संजू। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को उनके जन्मदिन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। वहीं, इस फोन कॉल को लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में भी कयासबाजी शुरू हो गई है।
मुकेश अग्निहोत्री ने अपने जन्मदिन के अवसर पर गोशाला पहुंचकर समय बिताया। इसी दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें फोन किया और जन्मदिन की बधाई दी। फोन पर हुई बातचीत के दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने अमित शाह का आभार जताते हुए कहा, “धन्यवाद, आप हमेशा याद करते हैं।”
दोनों नेताओं के बीच बातचीत का यह वीडियो हरोली कांग्रेस की ओर से फेसबुक पर साझा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे सामान्य शिष्टाचार के तहत दी गई शुभकामनाएं मान रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे राजनीतिक नजरिए से भी देख रहे हैं।
अमित शाह और मुकेश अग्निहोत्री के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में दोनों नेताओं के अलग-अलग दलों से जुड़े होने के कारण इस बातचीत को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, सामने आए वीडियो में बातचीत का स्पष्ट संदर्भ जन्मदिन की बधाई देना ही है। इस फोन कॉल को लेकर किसी अन्य राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा होने की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में अटकलें जारी हैं।