summer express, अंबाला, अंकुर कपूर । अंबाला शहर के नदी मोहल्ला में नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया। एक दुकान पर लगे शेड को हटाने पहुंची निगम की टीम के सामने दुकानदार बग्गा ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पास में स्थित जर्जर इमारत का मुद्दा उठाया। दुकानदार का कहना है कि अतिक्रमण हटाने से पहले नगर निगम को जर्जर इमारत की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके। वहीं, नगर निगम अधिकारियों ने दावा किया कि अतिक्रमण हटाने से पहले दुकानदार को नोटिस दिया गया था और जर्जर इमारत के मामले में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, नदी मोहल्ला में नगर निगम की टीम एक दुकान के बाहर लगे शेड को हटाने पहुंची थी। इस दौरान दुकानदार बग्गा ने निगम की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें शेड हटाने के संबंध में न तो पहले कोई सूचना दी गई और न ही नोटिस मिला। दुकानदार ने दुकान के साथ बनी जर्जर इमारत की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि निगम अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई कर रहा है, तो उसे आसपास की असुरक्षित इमारतों पर भी ध्यान देना चाहिए।
दुकानदार ने सवाल उठाया कि जर्जर इमारत से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है, ऐसे में नगर निगम पहले उसकी सुरक्षा को लेकर कदम क्यों नहीं उठा रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन को संभावित खतरे को गंभीरता से लेते हुए समय रहते उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
दूसरी ओर, नगर निगम के बिल्डिंग इंस्पेक्टर विज ने दुकानदार के आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। संबंधित दुकानदार को व्यक्तिगत रूप से जानकारी देने के साथ नोटिस भी दिया गया था। उन्होंने जर्जर इमारत के संबंध में कहा कि इस मामले में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, नदी मोहल्ला में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उठे सवालों के बीच जर्जर इमारत की सुरक्षा का मुद्दा भी चर्चा में है। अब देखना होगा कि नगर निगम इस इमारत को लेकर कब तक कार्रवाई करता है।