{वरिष्ठ नागरिकों के आने-जाने, रहने और खाने-पीने का खर्च उठाएगी पंजाब सरकार
सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत शुक्रवार को विधायक कुलवंत सिंह ने मोहाली के सेक्टर-114 स्थित अंसल से वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालुओं से भरी बस को खाटूश्याम और सालासर धाम के दर्शनों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि तीर्थ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी देखते ही बनती है। श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ मिलने से बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इस योजना के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि श्रद्धालुओं की जरूरत और यात्रा के प्रति उनके उत्साह को देखते हुए पंजाब सरकार की ओर से उचित प्रबंध किए जा रहे हैं। योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को उनके घर से बस में बैठाया जाता है। यात्रा के दौरान आने-जाने, रहने और खाने-पीने सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं का खर्च सरकार उठाती है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में श्रद्धालुओं को श्री अमृतसर साहिब स्थित श्री दरबार साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, रामतीर्थ वाल्मीकि मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग के दर्शन करवाने के लिए बसें भेजी जा रही थीं। अब इस योजना के तहत खाटूश्याम, सालासर, वृंदावन और हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थलों के लिए भी बसें रवाना की जा रही हैं।
कुलवंत सिंह ने कहा कि तीर्थ यात्रा से लौटने के बाद श्रद्धालु अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ यात्रा के अनुभव साझा कर रहे हैं। इससे अन्य लोगों में भी योजना का लाभ लेने के प्रति उत्साह बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।