{सी-डैक के सामने सुबह हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने गौ-एम्बुलेंस बुलाकर घायल गाय को उपचार के लिए भेजा
{नगर निगम की कार्रवाई पर भी लोगों ने जताई नाराजगी
सुरिंदर सिंह अंकुश | मोहाली
समर न्यूज
मटौर के पास सेक्टर-71 में सी-डैक के सामने आवारा पशुओं की समस्या एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बनी। यहां एक एक्टिवा सवार की सड़क पर घूम रही गाय से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक्टिवा सवार घबरा गए और मौके से चले गए, जबकि गाय सड़क पर घायल अवस्था में रह गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल गाय को देखा और उसकी मदद के लिए गौ-एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। कुछ समय बाद गाय को उपचार के लिए भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-71, मटौर और आसपास के इलाकों में सड़कों पर आवारा गायों और अन्य पशुओं की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सड़क पर गाय आने के कारण एक्टिवा चालक के लिए वाहन संभालना मुश्किल हो गया और टक्कर हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना सामने नहीं आई, लेकिन गाय को चोटें आईं। स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए स्थायी व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही। उनका कहना है कि रात के समय कम रोशनी या तेज यातायात के बीच सड़क पर अचानक पशु आने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम को कई बार आवारा पशुओं के बारे में शिकायतें दी जाती हैं, लेकिन कार्रवाई पर्याप्त नहीं होती।