मुकुल शर्मा | पंचकूला
समर न्यूज
आदर्श रामलीला ड्रामेटिक क्लब एवं माता मनसा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शालीमार ग्राउंड, सेक्टर-5, पंचकूला में आयोजित 46वें भव्य रामलीला मंचन का शुक्रवार को शानदार शुभारंभ हुआ। इस बार रामलीला में परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। दस युवतियां विभिन्न किरदार निभाकर महिला सशक्तीकरण का संदेश देंगी। रामलीला में 3डी मैपिंग, विशाल एलईडी स्क्रीन, डिजिटल बैकड्रॉप और हाईटेक साउंड इफेक्ट्स के जरिए रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत बनाया जाएगा। पहले दिन कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली अभिनय कला, संवाद अदायगी और सजीव मंचन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला के प्रथम दिन रावण के वरदान प्राप्त करने, चंद्रहास तलवार से जुड़े प्रसंग तथा श्रवण कुमार के मार्मिक नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम में रामलीला के विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने-अपने पात्रों को जीवंत करते हुए दर्शकों के सामने पौराणिक कथाओं का सजीव चित्रण किया।