समर न्यूज | पटियाला
पटियाला में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार सुबह छतेड़ा गांव स्थित पंजाब मिल्क डेयरी का निरीक्षण कर करीब 125 किलोग्राम पनीर जब्त किया। पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण उसका नमूना लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने तक शेष पनीर को जब्त रखा गया है। टीम ने समाना शहर में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पनीर के तीन और घी का एक नमूना लिया। इस तरह कुल पांच नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि पनीर की गुणवत्ता और सुरक्षा का अंतिम निर्धारण प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई होगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने की अपील की है।