Summer express, सुन्दर कुंडू, फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-11 स्थित एक निजी होटल में 25 वर्षीय युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। युवती की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी अदिति के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से अपने प्रेमी के साथ होटल में ठहरी हुई थी। घटना के बाद से उसका प्रेमी होटल से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अदिति तीन दिन पहले अपने परिजनों को बिना बताए आगरा से फरीदाबाद आई थी। यहां वह फरीदाबाद निवासी हेमंत शर्मा के साथ सेक्टर-11 स्थित एक निजी होटल के कमरा नंबर 204 में ठहरी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हेमंत मूल रूप से आगरा का रहने वाला है और पिछले काफी समय से फरीदाबाद में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे होटल के कर्मचारियों ने कमरा खाली करवाने के लिए दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों ने होटल मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे के अंदर अदिति का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती का प्रेमी रात के समय ही होटल से चला गया था। हालांकि, उसके होटल से जाने का सही समय और घटना की परिस्थितियां जांच का विषय हैं।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती ने आत्महत्या की या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।