Summer express, गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी का कहर देखने को मिला। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में सोहना रोड स्थित आयरिया मॉल के पास एक अनियंत्रित फॉर्च्यूनर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां सो रहे दो बुजुर्गों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद गाड़ी फुटपाथ पर खड़ी एक क्रेन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉर्च्यूनर के एयरबैग खुल गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। फॉर्च्यूनर बादशाहपुर से सोहना की ओर जा रही थी। आयरिया मॉल के पास चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन सड़क किनारे फुटपाथ पर चढ़ गया। वहां सो रहे दो बुजुर्ग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बुजुर्गों को टक्कर मारने के बाद गाड़ी फुटपाथ पर खड़ी क्रेन से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय फॉर्च्यूनर में एक युवक और एक युवती सवार थे। दुर्घटना के बाद दोनों गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि गाड़ी में सवार युवक-युवती नशे की हालत में थे और वाहन तेज रफ्तार से चलाया जा रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे की सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल बुजुर्गों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर को कब्जे में ले लिया है। वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही, फरार युवक और युवती का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की परिस्थितियों और वाहन में सवार लोगों की पहचान की जा सके।