Summer express, विकास शर्मा, ऊना। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के कपाट खुलते ही माता रानी के दर्शन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। नवरात्र के पहले दिन रविवार का अवकाश होने के चलते सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह करीब 8 बजे तक भक्तों की लाइनें पुराने बस स्टैंड से भी आगे पहुंच गई थीं।
रविवार सुबह करीब 6 बजे पुजारी सचिन कालिया ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां चिंतपूर्णी की आरती की। इसके बाद मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। पहले नवरात्र पर माता रानी के दर्शन करने पहुंचे भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
सुबह करीब 6 बजे श्रद्धालुओं की अचानक बढ़ी संख्या के कारण कुछ समय के लिए कतारों के प्रबंधन में परेशानी आई। स्थिति की जानकारी मिलने पर मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने तुरंत व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक कदम उठाकर कतारों को व्यवस्थित करवाया। इसके बाद श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से दर्शन करवाने की व्यवस्था की गई।
गौरतलब है कि श्राद्ध पक्ष के दौरान मां चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम हो गई थी, लेकिन शारदीय नवरात्र शुरू होते ही मंदिर में एक बार फिर भक्तों की चहल-पहल बढ़ गई है। पहले ही दिन उमड़ी भारी भीड़ से नवरात्र के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही का अंदाजा लगाया जा सकता है। आने वाले दिनों में भी शक्तिपीठ में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।