Summer express, विकास शर्मा, ऊना। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी एवं देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचीं। उन्होंने मंदिर में मां भगवती के दर्शन कर माथा टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान कमलेश ठाकुर ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और हवन में भाग लेकर मां भगवती की आराधना की। नवरात्र के पावन अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं।
शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को पहले नवरात्र और अवकाश का दिन होने के कारण सुबह से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं।
नवरात्र के चलते पूरा चिंतपूर्णी क्षेत्र माता रानी के जयकारों से भक्तिमय हो उठा है। मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दर्शन के लिए कतारों का प्रबंधन किया जा रहा है।