Summer express, कांगड़ा। कांगड़ा में शनिवार रात करीब 11 बजे गुप्त गंगा मार्ग पर गुरुद्वारे के समीप एक टाटा कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वाहन जलकर राख हो गया। हालांकि, चालक ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के पिछले टायर में अचानक आग लग गई थी। सड़क से गुजर रहे लोगों ने वाहन से आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत चालक को सतर्क किया। खतरे को भांपते हुए चालक ने कार रोककर तुरंत बाहर निकलने में ही भलाई समझी। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी कार धू-धूकर जलने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और उसे बचाया नहीं जा सका।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, कार के पिछले टायर में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैल गई थीं। चालक के समय रहते वाहन से बाहर निकलने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।