Summer express, नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा माहुर तहसील के केरोली घाट पर हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो करीब 100 फुट गहरी खाई में जा गिरा।
अधिकारी के अनुसार, टेंपो में सवार सभी लोग यवतमाल के रहने वाले थे और फर्नीचर की दुकान पर काम करते थे। वे नवरात्र के दौरान माहुर स्थित मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस यवतमाल लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब उनका वाहन केरोली घाट के एक मोड़ से गुजर रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस के मुताबिक, घाट से नीचे उतरते समय टेंपो के सामने कथित तौर पर एक अन्य वाहन तेज रफ्तार से गलत दिशा में आ गया। उसकी हेडलाइट की सीधी रोशनी पड़ने से टेंपो चालक की आंखें चौंधिया गईं। सामने से आ रहे वाहन से बचने के लिए चालक ने टेंपो को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मोड़ पर सुरक्षा दीवार या क्रैश बैरियर नहीं होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
हादसे के दौरान टेंपो के पिछले खुले हिस्से में बैठे बाबराव ज्ञानोबा टेकाम (60), राहुल सुधाकरराव ठाकरे (25) और प्रीतम रामराव प्रधान (38) खाई में जा गिरे। अधिकारी ने बताया कि राहुल ठाकरे और प्रीतम प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाबराव टेकाम ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं, टेंपो के चालक केबिन में बैठे प्रतीक अरविंद अडकिने (26), दत्ता मनोहर मेश्राम (35) और यशवंत अरविंद पाटिल (25) को मामूली चोटें आई हैं। तीनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान रस्सियों और क्रेन की मदद से टेंपो तथा पीड़ितों को खाई से बाहर निकाला गया।