Summer express, शाहकोट । धान की पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शाहकोट प्रशासन और पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में एसडीएम शाहकोट आदित्य गुप्ता और डीएसपी सरवन सिंह बल्ल के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने नंगल अंबियां, रौंता, मंडाला, कोठा और चक्क गदाईपुर गांवों का दौरा किया। इस दौरान किसानों को पराली न जलाने और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने किसानों को बताया कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और इसका लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को धुएं के कारण सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, खेतों में आग लगाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी जीव-जंतु नष्ट हो जाते हैं, जिससे जमीन की उर्वरता प्रभावित होती है।
इस अभियान में तहसीलदार शाहकोट जसपाल सिंह बाजवा, थाना प्रभारी सुखविंदर पाल सोढ़ी, नायब तहसीलदार लोहियां, कृषि विकास अधिकारी शाहकोट जसबीर सिंह और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे। एसडीएम आदित्य गुप्ता और डीएसपी सरवन सिंह बल्ल ने गांवों के सरपंचों, पंचों और नंबरदारों को भी निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन मुनादी करवाकर किसानों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित करें।
एसडीएम ने बताया कि शाहकोट तहसील में अब तक पराली जलाने के दो मामले सामने आए हैं, जो गांव कोठा से संबंधित हैं। जांच में पता चला कि संबंधित खेतों की जमीन का राजस्व रिकॉर्ड गांव मेहराज वाला से जुड़ा है। प्रशासन ने जमीन मालिकों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ उनकी जमाबंदी में लाल एंट्री भी दर्ज की है। इसके अतिरिक्त, थाना लोहियां खास में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे पराली के निपटारे के लिए खेतों में आग लगाने के बजाय उपलब्ध मशीनरी और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करें। यदि किसी किसान को फसल अवशेषों के प्रबंधन के लिए मशीनरी या अन्य सहायता की जरूरत है, तो वह संबंधित विभागों से संपर्क कर सकता है।
किसान कृषि विकास अधिकारी शाहकोट जसबीर सिंह से मोबाइल नंबर 9878406295 और सहायक रजिस्ट्रार, सहकारी सभाएं शाहकोट से मोबाइल नंबर 9592720553 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी रहेगी।