Summer express, अंकुर कपूर, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संत नामदेव जी महाराज के 756वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर आयोजित वार्षिक धार्मिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम चंडीगढ़ के सेक्टर-21 स्थित संत नामदेव भवन में आयोजित किया जाएगा। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी दी।
रणबीर गंगवा ने कहा कि संत नामदेव जी महाराज की शिक्षाएं समाज को भक्ति, समानता, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संत नामदेव जी ने अपनी शिक्षाओं के माध्यम से लोगों को आपसी सद्भाव और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
मंत्री ने कहा कि संत नामदेव जी महाराज की आध्यात्मिक विरासत नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। धार्मिक सम्मेलन के जरिए संत नामदेव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया जाएगा। कार्यक्रम में उनकी शिक्षाओं और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया जाएगा।