Summer express/हमीरपुर, अरविंद- :पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार से खिलाड़ियों को लंबित प्रोत्साहन राशि जल्द जारी करने और खेल सुविधाओं को मजबूत बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2018 के बाद से पदक विजेता खिलाड़ियों को इनामी राशि नहीं मिल पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में खेल मैदानों की कमी दूर करने और विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षित कोच नियुक्त करने पर भी जोर दिया।
हमीरपुर के बचत भवन में ‘खेलेगा हिमाचल, खिलेगा हिमाचल’ थीम के तहत खेल उपकरण वितरण समारोह आयोजित किया गया। नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और खिलाड़ियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जिले के विभिन्न युवक मंडलों को बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल सहित अन्य खेलों की किटें वितरित की गईं। समारोह में कुल 385 खिलाड़ियों को खेल सामग्री प्रदान की गई।कार्यक्रम में विधायक आशीष शर्मा, विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, उर्मिल ठाकुर और अनिल धीमान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।फिट इंडिया अभियान से युवाओं को जोड़ने पर जोर
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिट इंडिया मुहिम ने युवाओं को फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खेलों से युवाओं को जोड़कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने देश में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और खेलों के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां बढ़ाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार ने खेल बजट में रिकॉर्ड बढ़ोतरी कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने वर्ष 2030 में भारत में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में खेल सुविधाओं का विकास करना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना जरूरी है।
खेल मैदान और कोच की कमी दूर करे सरकार
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार से खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सरकार के बाद खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि धन उपलब्ध करवाने के बावजूद कई जगह इंडोर स्टेडियम नहीं बन पाए और सिंथेटिक ट्रैक जैसी सुविधाओं का भी अभाव है।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए विभिन्न खेलों में कोच की नियुक्तियां जल्द की जानी चाहिए। केवल प्रतिभा के दम पर खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अभ्यास के लिए उचित मैदान, आधुनिक उपकरण और प्रशिक्षित मार्गदर्शक भी मिलने चाहिए।हमीरपुर जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित करने की बात कही। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से खेल मैदानों के निर्माण के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) उपलब्ध करवाने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही खेल सुविधाएं मिल सकें।
नए जिलों के गठन से पहले संसाधन उपलब्ध करवाने की मांग
प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि केवल राजनीतिक उद्देश्य से जिले बनाना उचित नहीं है। किसी भी नए जिले के गठन से पहले वहां पर्याप्त संसाधन, प्रशासनिक व्यवस्था और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पहले गठित ब्लॉक और उपमंडलों में भी कई स्थानों पर अब तक उचित व्यवस्थाएं विकसित नहीं हो पाई हैं। ऐसे में सरकार को नए जिलों के गठन पर निर्णय लेने से पहले बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक जरूरतों का आकलन करना चाहिए।
दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
दिल्ली में जारी प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि आंदोलन के पीछे ऐसी ताकतें हैं, जो देश को आर्थिक और राजनीतिक रूप से पीछे धकेलना चाहती हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने और केंद्र की मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने के उद्देश्य से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने अन्ना हजारे के आंदोलन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस आंदोलन से जुड़े कुछ लोगों ने बाद में आम आदमी पार्टी बनाई और सत्ता में आने के बाद भ्रष्टाचार के मामले सामने आए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन से जुड़े कुछ लोग विदेशों से मिलने वाली फंडिंग के माध्यम से देश में फिर से अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर सकते हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश की जनता इन राजनीतिक गतिविधियों को समझती है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास महत्वपूर्ण है।