Summer express/करनाल-: शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत छह वार्डों के 600 घरों को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड से 100 घरों का चयन किया गया है। इन घरों में कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने और उसके सही निपटान पर विशेष जोर दिया जाएगा।
गीले और सूखे कचरे का होगा अलग-अलग प्रबंधन
अक्सर घरों से निकलने वाले सब्जियों के छिलके, बचा हुआ खाना, प्लास्टिक, कागज और अन्य अपशिष्ट एक ही कूड़ेदान में डाल दिए जाते हैं। इससे कचरे के पुनर्चक्रण और उपयोगी सामग्री को दोबारा इस्तेमाल करने में परेशानी होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए लोगों को घरों में ही कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
चार श्रेणियों में बांटा जाएगा कचरा
योजना के तहत घरों से निकलने वाले कचरे को चार श्रेणियों में विभाजित करने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसमें गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी वेस्ट और घरेलू स्तर पर निकलने वाला हानिकारक कचरा शामिल होगा। इससे प्रत्येक प्रकार के कचरे का उचित तरीके से निपटान करने में मदद मिलेगी और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया भी आसान होगी।
रसोई के कचरे से तैयार होगी जैविक खाद
इस पहल के तहत घरों में कंपोस्ट बनाने को बढ़ावा दिया जाएगा। रसोई से निकलने वाले सब्जियों के छिलके और अन्य जैविक कचरे से घर पर ही खाद तैयार की जा सकेगी। इस खाद का इस्तेमाल गमलों, किचन गार्डन और अन्य पौधों में किया जा सकता है।हालांकि, खाद बनाते समय प्लास्टिक, सैनिटरी वेस्ट और हानिकारक पदार्थों को गीले कचरे से पूरी तरह अलग रखना जरूरी होगा। इसके लिए लोगों को कंपोस्ट बनाने की सही विधि के बारे में जानकारी दी जाएगी।
आरडब्ल्यूए और वार्ड कमेटियां निभाएंगी अहम भूमिका
योजना को सफल बनाने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और वार्ड कमेटियों का सहयोग लिया जाएगा। ये संगठन लोगों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने और घरों में गीले व सूखे कचरे को अलग रखने की आदत विकसित करने में मदद करेंगे।नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य घरों से निकलने वाले कचरे की मात्रा कम करना, उपयोगी अपशिष्ट का पुनर्चक्रण बढ़ाना और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। चयनित 600 घरों को मॉडल के रूप में विकसित करके अन्य नागरिकों को भी कचरा प्रबंधन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।