ऊना/ राकेश -: कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा ने सराहन में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का हिमाचल प्रदेश की राजनीति और विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सबसे पहले शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में उनकी प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान दिया था। अब उनकी जन्मभूमि सराहन में प्रतिमा स्थापित करना सराहनीय कदम है।
रायजादा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को लेकर कहा कि वह अन्य कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण सराहन नहीं पहुंच सके। उन्होंने सुक्खू समर्थकों के आयोजन से दूरी बनाने की चर्चाओं को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल हुए आरएस बाली और रोहित ठाकुर भी सुक्खू सरकार में मंत्री हैं। रायजादा ने वीरभद्र सिंह और सुक्खू को कांग्रेस के निष्ठावान सिपाही बताते हुए पार्टी में गुटबाजी की संभावनाओं को खारिज किया और इन चर्चाओं को महज अफवाह करार दिया।
वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना
दिल्ली में पार्टी हाईकमान से मुख्यमंत्री की लगातार मुलाकातों पर रायजादा ने कहा कि ये यात्राएं वोट चोरी के मुद्दे से जुड़ी रणनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने दावा किया कि 13 करोड़ वोट काटा जाना बड़ा मामला है और इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा भाजपा नेतृत्व के बीच तालमेल होने का आरोप लगाया। उन्होंने हरियाणा, बिहार और पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को भी कथित वोट चोरी से जोड़ते हुए सवाल उठाए।