Summer express, ढाका। भारत की एक एयर एंबुलेंस को उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। अगरतला से कोलकाता जा रहे बीचक्राफ्ट किंग एयर सी90ए विमान का दरवाजा करीब 12 हजार फुट की ऊंचाई पर आंशिक रूप से खुल गया। स्थिति को देखते हुए विमान को बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। विमान में सवार 56 वर्षीय महिला मरीज को बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार, विमान का पंजीकरण नंबर वीटी-एचवाईए था। यह विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर ढाका हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। विमान में दो पायलट, एक महिला मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और मरीज के साथ आए दो अन्य लोग सवार थे। उड़ान के दौरान आई तकनीकी खराबी के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को ढाका में उतारने का फैसला लिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला मरीज की पहचान 56 वर्षीय अंजना भौमिक के रूप में हुई है। विमान के उतरने के बाद उन्हें कुर्मिटोला मल्टीकेयर स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कमरुल हसन तालुकदार ने बताया कि महिला की मौत रविवार शाम स्थानीय समयानुसार करीब 4 बजकर 40 मिनट पर हुई।
हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार, उड़ान के दौरान आई यांत्रिक समस्या के कारण विमान का दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया था। हालांकि, दरवाजा किस वजह से खुला और तकनीकी खराबी की सटीक प्रकृति क्या थी, इस बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
बीएसएस की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के पास अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग के लिए आवश्यक मंजूरी नहीं थी। इसके बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर विमान को उतरने की अनुमति दी और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई। ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी आवश्यक राजनयिक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ समन्वय किया।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित यह विमान फिलहाल ढाका हवाई अड्डे पर खड़ा है। विमान को आगे ले जाने से पहले आवश्यक मंजूरी से संबंधित मुद्दों को सुलझाने की प्रक्रिया जारी है।