चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।
इन जिलों में तेज बारिश का अनुमान
सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, फरीदाबाद और पलवल में अगले 24 घंटे में जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, फतेहाबाद, जींद, रोहतक, झज्जर, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।
बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
इस बार हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है। अब तक औसतन 185 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि आमतौर पर इस सीजन में 133.2 मिमी बारिश होती है। गुरुवार को भी कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि यमुनानगर में हल्की बूंदाबांदी हुई थी। महेंद्रगढ़ के अटेली स्थित सिविल अस्पताल के बाहर जलभराव की स्थिति देखने को मिली।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
- 19 जुलाई: पंचकूला, यमुनानगर, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में तेज बारिश की संभावना।
- फतेहाबाद, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और अंबाला में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
- 20 जुलाई: पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में तेज बारिश के आसार।
सावधानी जरूरी
तेज बारिश के चलते जलभराव, फसल प्रभावित होने और यात्रा में दिक्कत जैसे हालात बन सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट्स पर नजर रखने की अपील की है। हरियाणा में लगातार सक्रिय मानसून ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं अब चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं।