सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
पंजाब में नशे की समस्या ने न जाने कितने परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। किसी मां की आंखें अपने बेटे की राह देखते-देखते नम हैं, तो कोई परिवार अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है। इसी दर्द को आवाज देने और नशे के खिलाफ लोगों को एकजुट करने के लिए अमेय फाउंडेशन की चेयरपर्सन आभा बंसल के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया।
यह कैंडल मार्च गुरुद्वारा सिंह शहीदां, सोहाना से शुरू होकर फेज-7 लाइट प्वाइंट तक पहुंचा। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने भाग लिया। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर शामिल हुए लोगों ने नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया और पंजाब को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आभा बंसल ने कहा कि पंजाब में नशे की मार झेल रहे परिवारों को ठोस कार्रवाई और न्याय की जरूरत है। पंजाब की माताएं अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। सरकार को उनके दर्द को समझते हुए नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने परविंदर सिंह झोटा के मामले में सीबीआई जांच शुरू होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया। आभा बंसल ने कहा कि सीबीआई जांच शुरू होने से मामले में सच्चाई सामने आएगी और जांच के बाद परविंदर सिंह झोटा को अब इंसाफ मिलेगा।
आभा बंसल ने कहा कि अमेय फाउंडेशन नशे से प्रभावित सभी परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। यह कैंडल मार्च केवल विरोध नहीं, बल्कि नशा मुक्त पंजाब के संकल्प और पीड़ित परिवारों के दर्द को समझने की सामूहिक पहल है। समाज के हर वर्ग को इस मुहिम में आगे आना चाहिए, ताकि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाया जा सके।