एजेंसी। नई दिल्ली
दिल्ली में दिवाली और अन्य त्योहारों से पहले सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नगर निगम को रात के समय भी सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख बाजारों, व्यस्त व्यावसायिक इलाकों और रिहायशी कॉलोनियों में रात की सफाई पर जोर रहेगा, ताकि दिन में लोगों की आवाजाही के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा न हो। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि स्वच्छता के काम में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, महापौर प्रवेश वाही, मुख्य सचिव राजीव वर्मा, नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई इलाकों में कचरे के ढेर लगे रहने और समय पर कचरा नहीं उठाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से इन शिकायतों को गंभीरता से लेने और व्यवस्था में तुरंत सुधार करने को कहा। सड़कों, चौराहों, फ्लाईओवरों, बाजारों, कॉलोनियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों से कचरा तथा निर्माण मलबा हटाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सफाई और कचरा संग्रहण के बीच बेहतर तालमेल पर जोर देते हुए कहा कि झाड़ू लगाने के बाद कचरा समय पर नहीं उठाया गया तो वह दोबारा जमा हो जाता है। दोनों कामों को समन्वय जरूरी है।
{जरूरत के मुताबिक बढ़ेगा स्टाफ: मुख्यमंत्री ने महापौर और नगर निगम आयुक्त को सफाई अभियान तेज करने तथा कर्मचारियों की कमी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर रात की पाली के लिए नए सफाईकर्मियों की भर्ती भी की जा सकती है। वरिष्ठ अधिकारियों को अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर कमियों को तुरंत दूर करने को कहा गया है।
शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने भी सफाई व्यवस्था की निगरानी में नई तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान राजधानी के सभी इलाकों में सफाई में सुधार दिखाई देना चाहिए। प्रशासन के सामने अब इन निर्देशों को जमीन पर लागू करने और नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।