लक्की भट्टी | लुधियाना
समर न्यूज
सिविल लाइंस स्थित श्री सिद्ध पीठ श्री दंडी स्वामी मंदिर में श्री सिद्ध पीठ परिकर एवं बदाना मंडल सेवक सिद्ध पीठ की ओर से पं. राज कुमार शर्मा जी की अध्यक्षता में भव्य संकीर्तन भाव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीधाम वृंदावन से परम पूज्य पुण्डरीक गोस्वामी जी महाराज विशेष रूप से श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देने के लिए पधारे।
उनके मंदिर आगमन पर पं. राज कुमार शर्मा जी ने उनका स्वागत किया और सम्मानित किया। बदाना संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने मधुर हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से प्रभु भक्ति का गुणगान किया। पूरा वातावरण राधा-कृष्ण के जयकारों और भक्ति रस से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में
शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूज्य पुण्डरीक गोस्वामी जी महाराज ने सतगुरु की महिमा और नाम रस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सतगुरु के चरणों में समर्पण करने वाले जीव के लिए धन और मन से भी बढ़कर सतगुरु के प्रति अटूट विश्वास होता है। सतगुरु की प्राप्ति के लिए उनके प्रति विश्वास और समर्पण भाव आवश्यक है।उन्होंने कहा कि “सतगुरु की गाड़ी का ड्राइवर नाम रस है, इसलिए अपने जीवन में नाम रस को स्थान दें।
उन्होंने श्रद्धालुओं को नाम सिमरन और प्रभु भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इसके साथ ही उन्होंने “राधा राधा रमण पुकारा करूँ” भजन की पंक्तियों का भावपूर्ण गुणगान कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में भावविभोर कर दिया। इस दौरान पं. राज कुमार शर्मा जी ने कहा कि यह सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि पूज्य पुण्डरीक गोस्वामी जी महाराज मंदिर में पधारे और अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक विचारों एवं प्रभु भक्ति के संदेश से कृतार्थ किया। उन्होंने कहा कि यह सब श्री दंडी स्वामी महाराज जी की असीम कृपा का ही प्रताप है।