Summer express, यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर स्थित चिट्टा मंदिर चौक पर गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद धमाका हो गया, जिससे भीषण आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में लॉन्ड्री की दुकान चलाने वाली 64 वर्षीय सुनीता देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना का 42 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें धमाके के साथ आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। हादसे के समय घटनास्थल पर 20 से अधिक लोग और कई वाहन मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण लोगों को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। आग की चपेट में आने से कुछ कारों के शीशे भी टूट गए। सुनीता देवी आग की चपेट में आने के बाद जमीन पर गिर गईं। वीडियो में वह घिसटकर आग से दूर जाने की कोशिश करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उनके कपड़े भी जल गए।
सुनीता देवी शीतला माता मंदिर के नजदीक रहती हैं और चिट्टा मंदिर चौक पर लॉन्ड्री की दुकान चलाती हैं। उनकी दुकान के पास ही उनके बेटे मोहित की इलेक्ट्रिशियन की दुकान है। पाइपलाइन में आग लगने से आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। झुलसी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया।
सहारनपुर निवासी नीरज ने बताया कि वह अंकित और ललित कुमार के साथ गैस पाइपलाइन पर काम कर रहा था। इसी दौरान गैस का रिसाव हुआ और पाइप फटने से आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यमुनानगर सिटी थाना प्रभारी मनोज के अनुसार, गैस पाइपलाइन में धमाका होने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।