Summer express, बलिंदर कुमार , कैथल। धान का सीजन समाप्त होते ही जिले में गेहूं के साथ-साथ फूलों और सब्जियों के बीजों की खरीदारी में तेजी आने लगी है। बाजार में विभिन्न फसलों की उन्नत किस्मों के बीज उचित दाम पर उपलब्ध हैं। यह जानकारी कैथल फर्टिलाइजर सीड्स एंड पेस्टिसाइड संगठन के जिला प्रधान विकास संगरोहा और उपप्रधान दिलबाग संधू ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
विकास संगरोहा ने बताया कि जिले में करीब 500 बीज विक्रेता संगठन से जुड़े हुए हैं। हाल ही में सभी दुकानदारों की बैठक आयोजित कर उन्हें बीज बिक्री से संबंधित सरकारी नियमों, दिशा-निर्देशों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि बीज विक्रेताओं को नियमों का पालन करते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रधान ने किसानों से अपील की कि वे बीज खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकेट पर दी गई जानकारी की अच्छी तरह जांच करें। साथ ही, खरीदारी के दौरान पक्का बिल अवश्य लें, ताकि जरूरत पड़ने पर शिकायत या कार्रवाई के लिए प्रमाण उपलब्ध हो सके। उन्होंने बीज विक्रेताओं को भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का बीज बिना बिल के न बेचें और सरकारी नियमों का पूरी तरह पालन करें।
डीएपी खाद की उपलब्धता को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे डीएपी को लेकर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें और खाद संबंधी जानकारी के लिए विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें।