Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस चौकी नंबर-4 के क्षेत्र में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कुल 55 वाहनों को इंपाउंड किया गया। इनमें तीन वाहन ऐसे भी मिले, जिनके चोरी के होने की आशंका है। इन वाहनों के संबंध में विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस संबंधित मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की गई और नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसा गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करना और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
इसके साथ ही नशीले पदार्थों की बिक्री और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए भी पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। देहा बस्ती और वाल्मीकि बस्ती सहित संबंधित क्षेत्रों में दिन और रात के समय गश्त की जा रही है। पुलिसकर्मी खुफिया तंत्र की मदद से भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं, ताकि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
पुलिस चौकी नंबर-4 के इंचार्ज जयपाल ने बताया कि वाहन चेकिंग और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ चोरी के वाहनों और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।