Summer express/कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा -:हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और दूरदराज के क्षेत्रों में यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार से मिलने वाले 3000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस राशि से प्रदेश में करीब 1700 किलोमीटर सड़कों का विस्तार किया जाएगा। यह बात प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान ढालपुर में कही।दशहरा उत्सव में भाग लेने पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रसिद्ध बिजली महादेव मंदिर में माथा टेका और देवता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधिमंडलों ने उनसे मुलाकात कर अपने क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति और निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं को उठाया।
मंत्री ने कहा कि जिला कुल्लू में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। खराहल क्षेत्र के लोगों ने भी उनसे बिजली महादेव सड़क की स्थिति को लेकर चर्चा की थी। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क के विस्तार और सुधार के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे, ताकि स्थानीय लोगों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।उन्होंने बताया कि लगघाटी के पंचायत प्रतिनिधियों ने भी सड़क संबंधी मुद्दे उनके समक्ष रखे हैं। इसके अतिरिक्त मनाली विधानसभा क्षेत्र में राइट बैंक सड़क का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि सड़क की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक सुधार किए जा सकें।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में सड़कों की दशा सुधारने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ भी बैठक की जाएगी। बैठक में सड़क निर्माण, रखरखाव और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की सांस्कृतिक महत्ता पर उन्होंने कहा कि यह उत्सव अपनी समृद्ध देव संस्कृति के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। दशहरा के दौरान सैकड़ों देवी-देवता ढालपुर मैदान में विराजमान होते हैं और हजारों श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने भी देवी-देवताओं के दर्शन कर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया।