Summer express, फगवाड़ा । ब्रिटेन में फगवाड़ा के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. के.के. वर्मा की बेटी डॉ. शिवानी वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। चाहल नगर निवासी डॉ. वर्मा के परिवार को बेटी की मौत की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया। घटना की खबर से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ब्रिटेन स्थित आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने के बाद दम घुटने से डॉ. शिवानी की मौत हुई। हालांकि, घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
डॉ. शिवानी के पिता डॉ. के.के. वर्मा और भाई डॉ. ललित वर्मा ने उनके पति और ससुराल पक्ष पर घरेलू प्रताड़ना, मारपीट और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, ब्रिटेन पुलिस ने उन्हें मोबाइल फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से संपर्क कर मामले की जानकारी जुटाई।
परिवार का आरोप है कि डॉ. शिवानी की शादी वर्ष 2023 में फगवाड़ा के एक गांव के रहने वाले युवक से हुई थी। विवाह के बाद उन्होंने अपने पति को भी ब्रिटेन बुलाया था। मायके पक्ष का दावा है कि ब्रिटेन पहुंचने के बाद पति ने उनके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था।
डॉ. शिवानी के भाई डॉ. ललित वर्मा ने आरोप लगाया कि उनका जीजा नशे का आदी था और पहले भी कई बार उनकी बहन के साथ मारपीट कर चुका था। उन्होंने रक्षाबंधन के दौरान अपने ब्रिटेन दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय भी बहन की आंखों पर चोट के निशान थे। परिवार का यह भी आरोप है कि पति उनकी बहन की कमाई से भारत में पैसे भेजता था और यहां अपना मकान बनवा रहा था।
परिजनों ने आशंका जताई है कि आर्थिक लाभ उठाने के बाद इस घटना को साजिश के तहत अंजाम दिया गया। उनका आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने विरोध जताया तो आरोपी के परिवार की ओर से उन्हें धमकियां दी जाने लगीं। इससे चिंतित परिवार ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और शिकायत भी दर्ज करवाई है।
डॉ. के.के. वर्मा ने ब्रिटेन और पंजाब पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाए और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस बीच परिवार अपनी बेटी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा है। परिजनों ने भारत सरकार से अपील की है कि डॉ. शिवानी का शव ब्रिटेन से पंजाब के फगवाड़ा स्थित उनके पैतृक घर लाने में हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
वहीं, आरोपी पति और ससुराल पक्ष से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उनके करीबी सूत्रों ने भी लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल मामले में मौत के कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच के नतीजों का इंतजार है।