Summer express, फरीदाबाद । फरीदाबाद के बड़खल से भाजपा विधायक धनेश अदलखा का एक वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच कामकाज को लेकर विवाद चर्चा में है। वीडियो में विधायक नगर निगम के स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन मनदीप से फोन पर बातचीत के दौरान उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों की शिकायत पर नाराज विधायक ने नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल को फोन कर एक्सईएन को हटाने और उनकी जगह दूसरे अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए।
वीडियो में विधायक एक्सईएन मनदीप के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहते हैं कि अधिकारी अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हैं और सभी पार्षद भी उनके खिलाफ हैं। बातचीत के दौरान विधायक ने अधिकारी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इस पर एडिशनल कमिश्नर ने उन्हें आश्वासन दिया कि किसी दूसरे अधिकारी को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह मामला 4 अक्टूबर का है। उस दिन विधायक धनेश अदलखा अपने कार्यालय में पार्षदों के साथ बैठे थे। इसी दौरान बड़खल क्षेत्र के कुछ सफाई दरोगा उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने विधायक को शिकायत दी कि स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन मनदीप सफाई कार्यों के लिए जरूरी सामान उपलब्ध नहीं कराते और कर्मचारियों की समस्याओं पर भी ध्यान नहीं देते। सफाई दरोगाओं की शिकायत सुनने के बाद विधायक ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने का फैसला किया।
इसके बाद विधायक ने नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल को फोन किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सफाई दरोगा और इंस्पेक्टर उनके कार्यालय में धरने पर बैठे हैं। विधायक ने एक्सईएन मनदीप को हटाने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी पार्षद भी उनके कामकाज से नाराज हैं।
फोन पर हुई बातचीत में विधायक ने अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव का सुझाव भी दिया। उन्होंने संजीव को पूरा चार्ज देने, लख्मीचंद को हटाने, विनोद मित्तल को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपने और नितिन कादयान के पास एक्सईएन का चार्ज रखने की बात कही। इस पर एडिशनल कमिश्नर ने दूसरे अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपने का भरोसा दिया। उन्होंने विधायक से यह भी कहा कि उनके आश्वासन के बाद पार्षदों को कार्यालय आने की जरूरत नहीं है।
विधायक और एडिशनल कमिश्नर के बीच हुई बातचीत का वीडियो अब सार्वजनिक होने के बाद नगर निगम के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों के व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो में विधायक की ओर से इस्तेमाल की गई भाषा भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस मामले में विधायक धनेश अदलखा का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, नगर निगम के अधिकारी भी इस प्रकरण पर खुलकर कुछ कहने से बचते नजर आए।