Summer express/ऊना, राकेश- ऊना जिले के लिए गौरव का विषय है कि अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ईशांत जसवाल को उनकी उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं और जनहित में किए गए कार्यों के लिए राष्ट्रीय एक्सीलेंस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। लाडली फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वर्ष 2021 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी ईशांत जसवाल मूल रूप से बिलासपुर जिले के निवासी हैं। उन्होंने एनआईटी हमीरपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की है। वर्तमान में वे ऊना जिले में अतिरिक्त उपायुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उनकी कार्यकुशलता, प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। जसवाल की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और गृह जिले बिलासपुर, बल्कि ऊना जिले का भी मान बढ़ा है। उनकी सफलता को युवा प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई अन्य हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा, आईएएस अधिकारी किरण भड़ाना, एचएएस अधिकारी अपराजिता चंदेल, पत्रकार संजीव शर्मा और डीएसपी राजकुमार सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल रहे।ईशांत जसवाल को मिले इस सम्मान से ऊना जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।