Summer express, रोहतक। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अग्निवीरों को बिना किसी शर्त के स्थायी करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों को केवल दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देना पर्याप्त नहीं है। यह उनके सम्मान और भविष्य के साथ न्याय नहीं है। हुड्डा ने कहा कि जिन युवाओं ने छह साल तक सेना में सेवाएं दी हैं, उन्हें स्थायी करने के लिए अब और किन मानदंडों की जरूरत है। वह वीरवार शाम को रोहतक स्थित अपने डी पार्क आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही अग्निवीर योजना का विरोध करती रही है। यह योजना न तो देश के हित में है और न ही सेना की जरूरतों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि योजना लागू होने के समय सेना के कई पूर्व अधिकारी भी इसके खिलाफ अपनी आवाज उठा चुके थे। अब सरकार को भी इस योजना में बदलाव की जरूरत महसूस हुई है और नए प्रावधानों की घोषणा की गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों को दो साल का सेवा विस्तार देने के बजाय उन्हें बिना शर्त स्थायी किया जाना चाहिए। छह साल तक सेना में काम कर चुके युवाओं के अनुभव और सेवाओं को देखते हुए उन्हें रोजगार की सुरक्षा मिलनी चाहिए। केवल सीमित अवधि का विस्तार उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं है।
गेस्ट टीचरों को नियमित करने के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कर्मचारियों को पक्का करने के लिए नीति बनाई गई थी। इस नीति को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से भी मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने मांग की कि उसी नीति के तहत गेस्ट टीचरों को नियमित किया जाना चाहिए।