दस गारंटियों को पूरा न करने पर सुक्खू सरकार को घेरेगी आप, अचल छाबड़ा ने मांगा चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:हिमाचल प्रदेश में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी 20 नवंबर को तपोवन में धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित कर प्रदेश सरकार को चुनावी वादों की याद दिलाएगी। इस कार्यक्रम में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी विशेष रूप से शामिल होंगे। शुक्रवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में आप के प्रदेश प्रवक्ता अचल छाबड़ा ने यह जानकारी दी।
अचल छाबड़ा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को दस गारंटियां दी थीं। इनमें पांच लाख रोजगार उपलब्ध करवाने, महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, गोबर खरीद योजना लागू करने और अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोलने जैसे वादे शामिल थे। लेकिन सरकार अपने कार्यकाल में इन गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है।
छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार की योजनाओं और गारंटियों को आधार बनाकर हिमाचल की जनता के सामने बड़े-बड़े वादे किए थे। सत्ता हासिल करने के बाद अब सरकार उन वादों से पीछे हटती नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लगातार आर्थिक संकट और धन की कमी का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रही है।
आप प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में राजस्व बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं, लेकिन सरकार इनका सही इस्तेमाल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। इसके विपरीत होटल उद्योग पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी की जा रही है, जिससे पर्यटन कारोबार पर असर पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अपने चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए और स्पष्ट करना चाहिए कि दस गारंटियों में से कितने वादे पूरे किए गए हैं। आरडीजी बंद होने का मुद्दा उठाकर सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती।छाबड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी 20 नवंबर को तपोवन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने दावा किया कि सितंबर से शुरू किए गए सदस्यता अभियान के दौरान प्रदेश में हजारों नए लोग पार्टी से जुड़े हैं।