समर न्यूज | नई दिल्ली
दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ की शुरुआत की गई। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोनिया विहार में इस सेवा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद तीनों नेताओं ने यमुना नदी में नौका की सवारी भी की।
नई पर्यटन सेवा के तहत लोग सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना नदी की सैर कर सकेंगे। आने-जाने की कुल दूरी छह किलोमीटर होगी और सफर लगभग 40 मिनट में पूरा होगा। एक बार में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। प्रति व्यक्ति किराया 500 रुपये निर्धारित किया गया है। टिकट दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन खरीदे जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना से दिल्लीवासियों को अपनी ही राजधानी में नदी की सैर का नया अनुभव मिलेगा। भविष्य में यहां प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रमों सहित अन्य मनोरंजक गतिविधियां भी शुरू करने की योजना है।
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इसे दिल्लीवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में नौका सेवाओं की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि परियोजना को दिल्ली सरकार, दिल्ली विकास प्राधिकरण और पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया जा रहा है।
कपिल मिश्रा ने दावा किया कि यमुना की सफाई का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 40 प्रतिशत कार्य अभी बाकी है। उन्होंने पिछली सरकारों पर नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं करने का आरोप भी लगाया।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
इस सेवा के लिए इस्तेमाल होने वाली नौकाएं वातानुकूलित होंगी। इनमें यात्रियों के लिए सुरक्षा जैकेट, सूचना प्रसारण प्रणाली और ऐसी जैविक शौचालय व्यवस्था होगी, जिससे गंदा पानी नदी में नहीं छोड़ा जाएगा। संचालक को प्रतिदिन कम से कम चार यात्राएं करवानी होंगी। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उसकी जिम्मेदारी होगी।