Summer express, गुरुग्राम (अनुज पांचाल) | साइबर सिटी गुरुग्राम में बढ़ता वायु प्रदूषण अब लोगों के लिए केवल सांस संबंधी परेशानियों का कारण नहीं बन रहा, बल्कि आंखों की सेहत पर भी इसका गंभीर असर दिखाई देने लगा है। दिवाली के बाद पटाखों से निकले धुएं, जहरीले रासायनिक तत्वों और हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों के कारण आंखों में जलन, लालिमा, पानी आने और चुभन जैसी समस्याओं की शिकायतें बढ़ रही हैं। नेत्र विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषित हवा आंखों की संवेदनशील सतह को प्रभावित कर रही है, जिससे ड्राई आईज और एलर्जी के मामले भी सामने आ रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि हवा में मौजूद पार्टिकुलेट मैटर, केमिकल्स और जहरीले धुएं के संपर्क में आने से आंखों में सूखापन, खुजली और जलन हो सकती है। दिवाली के बाद आतिशबाजी से निकले धुएं ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है। बड़ी संख्या में लोग आंखों में लगातार पानी आने, लालिमा और चुभन की शिकायत लेकर डॉक्टरों के पास पहुंच रहे हैं। बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को प्रदूषण के कारण आंखों से जुड़ी परेशानियों का अधिक सामना करना पड़ सकता है।
वियान आई एंड रेटिना सेंटर, गुरुग्राम के डायरेक्टर डॉ. नीरज संदूजा के अनुसार, प्रदूषण के बीच आंखों की विशेष देखभाल करना जरूरी है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि आंखों में खुजली या जलन होने पर उन्हें बिल्कुल न मलें। ऐसा करने से आंखों की सतह को नुकसान पहुंच सकता है और एलर्जी या संक्रमण की समस्या बढ़ सकती है। लापरवाही बरतने पर कॉर्निया पर घाव बनने का खतरा भी रहता है।
नेत्र विशेषज्ञों ने बिना चिकित्सकीय सलाह के आई ड्रॉप्स इस्तेमाल करने और घरेलू नुस्खे अपनाने से भी बचने की सलाह दी है। विशेष रूप से स्टेरॉयड युक्त आई ड्रॉप्स का मनमाने ढंग से इस्तेमाल आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। आंखों में लगातार जलन, दर्द या लालिमा रहने पर विशेषज्ञ से जांच करवाना जरूरी है, ताकि समय रहते सही उपचार मिल सके।
डॉक्टरों ने प्रदूषण से बचाव के लिए सुबह और शाम के पीक ट्रैफिक समय में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो कम प्रदूषण वाले समय में यात्रा करने की कोशिश करें। इसके साथ ही निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए कारपूलिंग जैसे विकल्प अपनाने की भी अपील की गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते प्रदूषण के दौर में आंखों की छोटी-सी परेशानी को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर सावधानी और उचित उपचार से आंखों को प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाने में मदद मिल सकती है।