Summer express, अमृतसर | पंजाब में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर लगातार देखने को मिल रहा है। इसके चलते शुक्रवार को भी राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, हिमाचल प्रदेश से सटे होशियारपुर और पठानकोट जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इससे पहले गुरुवार को कई जिलों में बादल छाए रहे, लेकिन इसके बावजूद राज्य के औसत तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। गुरुवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम में हीट लॉक जैसी स्थिति बनने के कारण तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं आ रही है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा में 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में भी राज्य में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। फिलहाल अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहने और वातावरण शुष्क बने रहने का अनुमान है। हालांकि, होशियारपुर और पठानकोट में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम में बदलाव के साथ-साथ राज्य में वायु प्रदूषण की स्थिति भी चिंता बढ़ा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से गुरुवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, रूपनगर को छोड़कर पंजाब के अन्य प्रमुख जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। बठिंडा में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहा, जहां एक्यूआई 328 तक पहुंच गया। इसके अलावा लुधियाना में एक्यूआई 275, खन्ना में 235, पटियाला में 224, जालंधर में 207 और मंडी गोबिंदगढ़ में 109 दर्ज किया गया। वहीं, रूपनगर में एक्यूआई 42 रहा।
राज्य में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदकोट में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री, लुधियाना में 30.4 डिग्री और पटियाला में 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 1.5 डिग्री कम रहा। इसके बावजूद यह सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में अमृतसर का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री, गुरदासपुर का 28.2 डिग्री और पठानकोट का 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।