Summer express, फुजैराह (UAE) | संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। हादसे में भारतीय नागरिकों की भी जान गई है। UAE स्थित भारतीय दूतावास ने मृतकों में भारतीय नागरिकों के शामिल होने की पुष्टि की है। इसके अलावा घायलों में भी भारत के नागरिक शामिल हैं।
यह दुर्घटना फुजैराह में शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर हुई। UAE के गृह मंत्रालय के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया गया कि हादसा आधी रात से कुछ समय पहले फुजैराह के प्रवेश द्वार के पास हुआ। एक ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर पलट गया। इसके बाद ट्रक सड़क पर धीमी गति से चल रहे और रुके हुए कई अन्य वाहनों से जा भिड़ा।
फुजैराह पुलिस की जनरल कमांड के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक और कई अन्य वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमें, एंबुलेंस, बचाव दल और सिविल डिफेंस के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने आग पर काबू पाने के साथ घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए 30 लोगों में से 15 को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि शेष 15 घायलों का अभी इलाज चल रहा है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मृतकों में UAE के नागरिक भी शामिल हैं। वहीं, कुछ अन्य मृतकों की पहचान डीएनए जांच के जरिए की जा रही है।
फुजैराह पुलिस के अनुसार, घायलों में UAE, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि इस हादसे में कई देशों के नागरिक प्रभावित हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों और करीबियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
घटना के बाद फुजैराह पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने और सड़क पर पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। खासकर भीड़भाड़ वाले मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि सड़क पर सुरक्षा बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। संबंधित अधिकारी दुर्घटना से जुड़ी कानूनी और तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटे हैं। साथ ही आम लोगों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की गई है कि वे हादसे को लेकर अफवाहें या अपुष्ट जानकारी साझा न करें और किसी भी आधिकारिक अपडेट के लिए केवल विश्वसनीय सरकारी स्रोतों पर भरोसा करें।