Summer express/शिमला/संजू-:हिमाचल प्रदेश में मजदूरों और कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर इंटक ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी कड़ी में इंटक प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर प्रदेश के श्रमिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में गिग वर्कर्स, कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी, आशा वर्कर्स और मनरेगा मजदूरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इंटक प्रतिनिधियों ने इन वर्गों को न्यूनतम वेतन,सामाजिक सुरक्षा और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ देने की मांग की। प्रतिनिधियों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उचित समाधान का भरोसा दिलाया।
इंटक के नेताओं ने औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ती बिजली दरों और प्रदेश से उद्योगों के पलायन पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि बिजली की ऊंची दरों के कारण उद्योगों के सामने प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो रही है। ऐसे में सरकार को उद्योगों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि हिमाचल में औद्योगिक गतिविधियां बनी रहें और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम न हों।वहीं, मनरेगा के स्वरूप में बदलाव को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा गया। इंटक प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि नई व्यवस्था से राज्यों के मजदूरों के अधिकार और रोजगार की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मनरेगा को फिर से लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।राजनीतिक मुद्दों पर बात करते हुए इंटक नेताओं ने दावा किया कि कांग्रेस आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। एसआईआर और ईवीएम के मुद्दे पर भी उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि कांग्रेस चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगी, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए चुनाव निष्पक्ष होने चाहिए। उन्होंने ईवीएम में संभावित गड़बड़ी की आशंका जताते हुए जरूरत पड़ने पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई।इस बीच हिमाचल प्रदेश कांग्रेस इंटक के संगठनात्मक नेतृत्व को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। सर्वसम्मति से एक बार फिर हरदीप सिंह बाबा को प्रदेश कांग्रेस इंटक का अध्यक्ष चुना गया। उनके दोबारा अध्यक्ष चुने जाने को संगठन में उनके नेतृत्व और कार्यशैली पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। संगठन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को और मजबूती से उठाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में मजदूरों और कर्मचारियों के हितों को लेकर इंटक ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष कई अहम मांगें रखी हैं। गिग वर्कर्स से लेकर कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों, आशा वर्कर्स और मनरेगा मजदूरों तक के मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की महंगी दरों और उद्योगों के पलायन का विषय भी उठाया गया। इंटक ने मुख्यमंत्री से सकारात्मक आश्वासन मिलने का दावा किया है। दूसरी ओर, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पद पर एक बार फिर सर्वसम्मति से हरदीप सिंह बाबा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।