Summer express, हिसार। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 9,000 नशीली गोलियां बरामद की हैं, जिनका कुल वजन 1 किलो 152 ग्राम बताया गया है। बरामद गोलियों की अनुमानित कीमत 92 लाख 16 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपी से 1,400 रुपये की ड्रग मनी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवानी निवासी विक्की के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धांत जैन के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल में तैनात सहायक उप निरीक्षक शक्ति सिंह अपनी टीम के साथ रात के समय गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान टीम घोड़ा चौक बाईपास पर मौजूद थी, जहां पुलिस को एक व्यक्ति के नशीली गोलियों की तस्करी करने की गुप्त सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साउथ बाईपास पर लाडवा मोड़ के नजदीक नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के दाईं ओर हैंडल पर टंगी टंकी पर रखे हरे और पीले रंग के थैले से 9,000 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से 1,400 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की। इसके बाद तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अर्बन एस्टेट हिसार में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। रिमांड के दौरान उससे नशीली गोलियों की खरीद के स्रोत, उनकी सप्लाई कहां की जानी थी और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच के जरिए नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।