Summer express, सोनीपत। हरियाणा सिविल सर्विसेज के रूल-8 के तहत जिले के 13 सरकारी चिकित्सकों को चार्जशीट जारी करने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में बृहस्पतिवार को डॉक्टरों ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की। सुबह 9 से 11 बजे तक सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में ओपीडी सेवाएं बंद रहीं। इसके चलते इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हड़ताल के दौरान हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन और डेंटल सर्जन्स एसोसिएशन के आह्वान पर चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। डॉक्टरों ने अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं के बाहर धरना दिया। सुबह नौ बजे से करीब साढ़े नौ बजे तक पंजीकरण काउंटर भी बंद रहे। बाद में सिविल सर्जन के हस्तक्षेप के बाद पंजीकरण प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई। हालांकि, हड़ताल के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।
मरीजों को होने वाली परेशानी को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. अलंकृता गेरा ने स्वयं व्यवस्था संभाली। उन्होंने बच्चों की ओपीडी में बैठकर मरीजों की जांच की। इसके अलावा अन्य ओपीडी में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित कराने के लिए डिप्टी सिविल सर्जनों की ड्यूटी लगाई गई, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, कुछ दिन पहले डॉ. वीरेंद्र की अध्यक्षता में गठित ‘सार्थक टीम’ ने जिले के स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया था। इस निरीक्षण के बाद तैयार की गई रिपोर्ट के आधार पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) और स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक (डीजीएचएस) के पत्रों के संदर्भ में 13 चिकित्सकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
चिकित्सकों ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रस्तावित चार्जशीट की सूची में ऐसे डॉक्टरों के नाम भी शामिल हैं, जिन्हें संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यभार संभाले हुए महज 10 दिन ही हुए थे। डॉक्टरों का कहना है कि इतने कम समय में किसी संस्थान की व्यवस्थाओं के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर चिकित्सा वर्ग में नाराजगी है और चिकित्सकों ने सांकेतिक हड़ताल कर अपना विरोध दर्ज कराया।