Summer express, नई दिल्ली। चक्रवात अकवान के प्रभाव से ओडिशा के तटीय इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। तूफान कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है, लेकिन इसके बावजूद ओडिशा और आंध्र प्रदेश के समुद्र तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात 20 नवंबर की सुबह गोपालपुर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से गुजर सकता है।
मौसम विभाग ने इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई है। हवा के झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला किया है। तूफान का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों का संचालन रद्द करने और कुछ के समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुल 47 ट्रेनें रद्द की गई हैं, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों को सफर शुरू करने से पहले ट्रेनों की ताजा स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी लेने की सलाह दी है।
राज्य सरकार ने चक्रवात से होने वाले नुकसान को कम करने और जनहानि रोकने के लिए बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। सरकार के ‘जीरो कैजुअल्टी’ अभियान के तहत 20 जिलों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अब तक तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है। इनमें 4,170 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें से 1,317 महिलाओं ने सुरक्षित रूप से बच्चों को जन्म दिया है।
राहत कार्यों के लिए राज्य में कुल 9,341 चक्रवात आश्रय केंद्र तैयार किए गए हैं, जिनमें से 2,623 केंद्रों को पहले ही सक्रिय कर दिया गया है। बालासोर जिले में भी 145 स्थायी और 1,250 अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था की गई है।
चक्रवात के दौरान संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए 14 जिलों में 70 सेल-ऑन-व्हील्स इकाइयां, 197 मोबाइल डीजल जनरेटर और 61 सहायता टीमें तैनात की गई हैं। दूरसंचार विभाग ने गंजम, गजपति, पुरी, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और खोरधा जिलों में इंट्रा-सर्कल रोमिंग की सुविधा शुरू की है। इससे एयरटेल, बीएसएनएल, जियो और वोडाफोन आइडिया के ग्राहक अपने नेटवर्क के अनुपलब्ध होने पर दूसरे ऑपरेटर के नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकेंगे।
आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और अग्निशमन विभाग सहित कुल 418 बचाव एवं राहत टीमें तैनात की गई हैं। पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण भी लगातार हालात पर नजर रख रहा है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 21 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। तटरक्षक बल ओडिशा तट के आसपास फंसे मछुआरों को सुरक्षित वापस लाने में मदद कर रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और किसी भी तरह की यात्रा से बचें। निकासी संबंधी निर्देशों का पालन करने के साथ ही लोगों को पीने का पानी, सूखा भोजन, जरूरी दवाएं और अन्य आपातकालीन सामान तैयार रखने को कहा गया है। इसके अलावा समुद्र तटों, नदियों, बिजली के खंभों और टूटकर गिरी बिजली की तारों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।