Summer express/धर्मशाला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में आयोजित एक समारोह में धर्मशाला मैराथन 2.0 का आधिकारिक एंथम लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने मैराथन की जर्सी और मेडल का भी अनावरण किया। कांगड़ा वैली कार्निवल-2026 के तहत आयोजित होने वाली इस मैराथन के लिए अब तक 850 से अधिक धावक पंजीकरण करवा चुके हैं। आयोजकों ने 20 दिसंबर तक देशभर से 2,000 से अधिक प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि फिटनेस, पर्यटन और नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा चिट्टे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मैराथन में प्रतिभागियों के लिए 3, 5, 10, 20 और 42 किलोमीटर की पांच श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इसके पहले संस्करण में करीब 1,300 धावकों ने हिस्सा लिया था।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा को हिमाचल की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार पर 2,600 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त हेलीपोर्ट नेटवर्क और हेली-टैक्सी सेवाओं को भी विकसित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवल और शिमला विंटर कार्निवल के माध्यम से पर्यटन के साथ प्रदेश की संस्कृति और स्थानीय परंपराओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। नगर निगम धर्मशाला मैराथन के रूट्स को एआईएमएस प्रमाणन दिलाने के प्रयास भी कर रहा है, जिससे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके।इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।