Summer express, गुरुग्राम (अनुज पंचाल)। गुरुग्राम के घामडोज गांव में तेंदुओं की लगातार बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव के रिहायशी इलाके में एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ घूमती हुई दिखाई दी। तेंदुओं की यह गतिविधि वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
सीसीटीवी फुटेज में मादा तेंदुआ अपने दोनों शावकों के साथ गांव में दाखिल होती दिखाई दे रही है। तेंदुओं का परिवार दीवार फांदकर रिहायशी इलाके में पहुंचा। इसके बाद वे आसपास घूमते और पानी पीते हुए नजर आए। हैरानी की बात यह है कि तेंदुआ अपने शावकों के साथ एक आश्रम और घरों के आसपास बेखौफ होकर चहलकदमी करता रहा। इस दौरान उन्हें किसी तरह का डर या परेशानी महसूस होती नहीं दिखी।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से घामडोज गांव और आसपास के क्षेत्र में तेंदुओं की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। अब मादा तेंदुए के साथ दो शावकों की मौजूदगी सामने आने से लोगों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुओं की रिहायशी क्षेत्र में बढ़ती आवाजाही किसी अनहोनी का कारण बन सकती है।
स्थिति यह है कि ग्रामीण शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित हैं। सीसीटीवी फुटेज में तेंदुओं की चहलकदमी सामने आने के बाद गांव में दहशत और बढ़ गई है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखे और लोगों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए।