Summer express, जालंधर । हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की ऊंची पहाड़ियों पर लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब पंजाब के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राज्य में शीत लहर ने दस्तक दे दी है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को पंजाब के औसत तापमान में करीब 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। वहीं, फरीदकोट और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।
राज्य के बाहरी और खुले इलाकों में सुबह तथा शाम के समय धुंध का असर भी बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में कम दृश्यता के दौरान सावधानी बरतने और वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता रखने को कहा गया है। सुबह और शाम चलने वाली सर्द हवाओं के कारण दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 12.3 डिग्री, बठिंडा में 10 डिग्री और पठानकोट में 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल पंजाब में मौसम शुष्क बना हुआ है और राज्य में बारिश दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते इनके आसपास के सीमावर्ती इलाकों में ठंड का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना बनी हुई है।