Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों पर दर्ज एफआईआर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पेंशनरों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से नाराज ज्वाइंट एक्शन कमेटी हिमाचल प्रदेश ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कमेटी के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने एफआईआर को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे पेंशनरों के आंदोलन को दबाने की साजिश करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे बुजुर्ग पेंशनरों को डराने का प्रयास कर रही है।
सुरेश ठाकुर ने बताया कि 19 नवंबर को हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर दाड़ी मेला ग्राउंड में अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद आंदोलनकारी विधानसभा की ओर कूच कर रहे थे, लेकिन शीला चौक पर पुलिस और प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए रास्ते में अवरोध लगाए गए।उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान पेंशनरों ने न तो किसी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और न ही कोई ऐसी गतिविधि की, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो। इसके बावजूद उनके सहित आठ अन्य पेंशनरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले पेंशनरों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई क्यों की जा रही है।ठाकुर ने स्पष्ट किया कि एफआईआर और प्रशासनिक दबाव से पेंशनरों का आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि पेंशनर अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई और प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए समय नहीं दिया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में सचिवालय घेराव की रणनीति तैयार की जा रही है।