Summer express, पलवल (सुन्दर कुंडू)। हरियाणा विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने पलवल जिला न्यायालय में तैनात बेलिफ श्याम सुंदर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने उसे आगरा चौक के पास एक कार में रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा। आरोपी के खिलाफ एसीबी थाना फरीदाबाद में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने वर्ष 2019 में गांव रामपुर खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से राधा कॉलोनी में आईटीआई के पास 287 गज का दो मंजिला मकान खरीदने का एग्रीमेंट किया था। बाद में मकान को लेकर विवाद हो गया, जिसके चलते मामला अदालत में पहुंच गया। सुनवाई के बाद अदालत ने मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम करने और उसे संपत्ति का कब्जा दिलाने के आदेश दिए थे। कब्जा दिलाने की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए एडिशनल सिविल जज की अदालत ने बेलिफ श्याम सुंदर को नियुक्त किया था।
आरोप है कि कब्जा दिलाने की कार्रवाई के बदले श्याम सुंदर ने शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता पहले ही 20 हजार रुपये दे चुका था, जबकि शेष 50 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर मामले की शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में टीम ने आगरा चौक पर कार्रवाई करते हुए श्याम सुंदर को कार में 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके पर राजपत्रित अधिकारी के रूप में एफएमडीए के एक्सईएन ओम दत्त मौजूद रहे। टीम ने रिश्वत की रकम कब्जे में ले ली है। शिकायतकर्ता की ओर से पहले दिए गए 20 हजार रुपये के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर की जा सकती है। इसके अलावा सतर्क हरियाणा ऐप के माध्यम से फोटो और वीडियो के साथ भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
बेलिफ न्यायालय का कर्मचारी होता है, जिसे अदालत के आदेशों के क्रियान्वयन में जिम्मेदारी सौंपी जाती है। उसके कार्यों में अदालत के आदेशों के तहत संपत्ति का कब्जा दिलाना, कानूनी नोटिस और समन पहुंचाना सहित अन्य न्यायिक प्रक्रियाओं में सहायता करना शामिल होता है।